भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में ऐतिहासिक भागीदारी

जयपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: महिला सम्मान के मुद्दे पर झुंझुनूं से सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हुंकार

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण बिल के विरोध को लेकर भाजपा द्वारा जयपुर में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में झुंझुनूं जिले की प्रभावशाली उपस्थिति देखने को मिली। जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में जिले भर से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे और महिला अधिकारों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की। जिले की सभी विधानसभाओं से कार्यकर्ता बसों एवं निजी वाहनों के माध्यम से बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचे। सम्मेलन में शामिल कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित प्रदेश नेतृत्व ने कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के सम्मान की अनदेखी की है और नारी शक्ति को कमजोर करने का प्रयास किया है, जिसे भाजपा और जनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। सम्मेलन के पश्चात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय से अहिंसा सर्किल तक पैदल मार्च निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जयपुर की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने महिला अधिकारों के समर्थन में नारेबाजी कर माहौल को आंदोलित कर दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता निषित बबलू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह शेखावत, महावीर ढाका, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयसिंह माँठ, जिला प्रवक्ता हनुमान सिंह, महिला मोर्चा शहर मंडल अध्यक्ष सावित्री सैनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि महिला सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर भाजपा पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और इसके खिलाफ किसी भी प्रकार के विरोध को जनता के बीच मुद्दा बनाया जाएगा।