Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक

झुंझुनूं में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक

‘संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ’ का संदेश दिया

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मान नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को कांग्रेस की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। बैठक का आयोजन झुंझुनूं ब्लॉक कांग्रेस और गिडानिया ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी अमित ओला उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी इस्लाम खान ने की। संचालन झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष अजमत अली ने किया। मुख्य अतिथि अमित ओला ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर आमजन से जुड़ें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूत बनाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधानसभा प्रभारी इस्लाम खान ने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना ही चुनावी जीत की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। कार्यकारी अध्यक्ष खलील बुड़ाना ने पार्टी की रीति-नीति और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि आपसी समन्वय और अनुशासन से ही संगठन को मजबूती मिलती है। गिडानिया ब्लॉक अध्यक्ष सुमेर सिंह महला ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान “संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ” का संदेश देते हुए पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अजमत अली, पूर्व अध्यक्ष तैयब अली, मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार, मुमताज अली कबाड़ी, जगन सिंह सिहाग, लालचंद सैनी, प्रदीप कुमार सैनी, मनोज कुमार, राजकुमार डिगरवाल, इकबाल मलवान, अब्दुल्ला अगवान, इलियास अली, जितेंद्र बड़सरा, मनोज कुलहरी, कैलाश कुमावत, मोहम्मद अयूब कबाड़ी, वीरेंद्र भेड़ा, किशन सिंह मिल, राजेंद्र प्रसाद, लक्ष्मण सिंह सैनी, राजेश कुमार, अनमोल कुमार, जुल्फिकार खोखर, रमेश कुमार ओला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पार्षद, सरपंच एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।

Advertisement