चूरू। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी संघ के तत्वाधान में जिला शाखा चूरू की ओर से स्थानीय दादू भवन में सोमवार को स्वतंत्रता सेनानी, वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद् व समाजवादी नेता स्व. कुशल सिंह राठौड़ की चौदहवीं पुण्यतिथि सामाजिक कार्यकर्ता जगमाल सिंह टकणेत की अध्यक्षता में मनाई गई। राजस्थान वित्त निगम के सेवानिवृत प्रबन्धक सामाजिक कार्यकर्ता सज्जन सिंह राठौड़ ने उन्हें संघर्षशील पत्रकार, सम्मानित शिक्षक व लोकतंत्र का योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि राठौड़ सदैव सत्य एवं न्याय के पक्षधर रहे। जगमाल सिंह ने कहा कि व्यक्ति पद से बड़ा नहीं बल्कि विचार और आचरण से बडे़ होते हैं। राठौड़ जन आंदोलन के जरिये स्वतंत्रता, समानता और लोकतंत्र एवं समाज वाद की मूल पहचान के लिये जाने जाते हैं। देवराज लाटा ने कहा कि राठौड़ सदैव सत्य व न्याय के पक्षधर रहे। नई पीढ़ी को राठौड़ के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। करणी सेना के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ढ़ाढ़र ने राठौड़ के नाम से चूरू से खारिया रोड़ का नामकरण करने की मांग की। ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष महेश बावलिया ने राठौड़ को जन समस्याओं का पर्याय बताया। बावलिया ने उनके नाम से ट्रस्ट बनाने की मांग की। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने चूरू शहर में स्व. राठौड़ के नाम से सार्वजनिक पुस्तकालय बनाने व सार्वजनिक स्थान पर उनकी स्टेच्यू (मूर्ति) स्थापित करने की मांग की। कार्यक्रम को रणजीत सिंह टकणेत, पूर्व पार्षद राकेश सोनी, ताराचंद बांठिया, आलोक सिंह टकणेत, सामाजिक कार्यकर्ता श्रवण पिपलवा, ओमप्रकाश शर्मा, अजय दायमा, सुदेश शर्मा, महेश मिश्रा, ईशाक लीलगर, लीलावती ए.एस.आई., हरिप्रसाद रक्षक, मोहिदीन खां, राजवीर सहारण, हनुमान सिंह खारिया, समुन्द्र सिंह खारिया, ज्योति सिंह, एडवोकेट मुकेश जाखड़, एडवोकेट मयंक शर्मा, रतन बरोला, सुरेश किल्ला, गिरधारी लाल सैनी ने राठौड़ के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मानवेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह, सत्येन्द्र सिंह, धीरेन्द्र सिंह, एडवोकेट उपेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य जनों ने राठौड़ को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सद्दाम हुसैन ने किया।












