जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आवश्यक सेवाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, संपर्क पोर्टल, ग्रीष्मकालीन कंटीजेन्सी प्लान सहित गतिविधियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आवश्यक सेवाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों तथा ग्रीष्मकालीन कंटीजेंसी प्लान सहित विभिन्न विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी फ्लैगशिप योजनाओं की समयबद्ध क्रियान्विति के साथ जिला रैंकिंग में अपेक्षित सुधार हो तथा सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्य करें। योजनाएं लक्षित समूह तक समयबद्ध, पारदर्शाी व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचें, इसकी नियमित मॉनीटरिंग करते हुए क्रियान्विति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी फसल कटाई व गिरदावरी कार्य की समुचित मॉनीटरिंग करें। इसके लिए कृषि अधिकारियों, राजस्व टीम का समुचित समन्वय रहे। उन्होंने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की समीक्षा कर सभी उपखंड अधिकारियों को उपखंड क्षेत्रों में नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति को लेकर उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो तथा नहरबंदी के दौरान वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने ग्रीष्मकालीन कंटीजेंसी प्लान पर चर्चा करते हुए कहा कि आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं एवं बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष तैयारी रखें। पेयजल आपूर्ति हेतु जल स्रोतों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए तथा आपूर्ति व्यवधान की स्थिति में वैकल्पिक तौर पर टैंकर आदि की व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम किया जाए। विशेष रूप से जनसुनवाई व रात्रि चौपाल तथा प्राप्त शिकायतों के आधार पर पेयजल समस्याग्रस्त क्षेत्रों की स्थितियों का जायजा लेते हुए समुचित प्रबंधन किया जाए। जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में असंतुष्टि वाले प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखें। परिवादियों का संतृष्टि स्तर प्राथमिकता में शामिल हो। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर असंतुष्टि वाले प्रकरणों में वेरिफिकेशन पूर्ण करें तथा समुचित निस्तारण से परिवादियों को संतुष्ट करें। सभी उपखंड अधिकारी अपने उपखंडवार विभागों के प्रकरणों की समीक्षा करें। उन्होंने स्थानीय निकाय, आयोजना विभाग सहित विभागों की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी रात्रि चौपाल, जनसुनवाई के दौरान जनसमस्याओं को एड्रेस करें तथा समुचित निस्तारण करें। इस अवसर पर उन्होंने पेंशन व पालनहार के वेरिफिकेशन पूरे करने, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत सोलर संयंत्र हेतु अधिकाधिक लोगों को प्रोत्साहित करने, महानरेगा योजना अंतर्गत मस्टरोल जारी करने व लेबर इंगेज बढ़ाने, पीएम कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत लक्ष्य पूरे करने, एसबीएम ग्रामीण व शहरी तथा एमजेएसए 2.0 में कार्य पूर्ण करने, ट्रांसमिशन, गोदाम निर्माण, न्यायालय प्रकरणों के निस्तारण, फसल कटाई, जनसुनवाई, रात्रि चौपाल, बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन व क्रियान्विति सहित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर समुचित निर्देश दिए।इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।















