हनुमानगढ़।हिमांशु मिढ्ढा
जंक्शन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक एसआईआर जारूकता के लिए जंक्शन में आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) जागरूकता को भी प्रमुखता से रखा गया। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़ना एवं संशोधन होना लोकतांत्रिक अधिकार का हिस्सा है और इस कार्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं के फार्म भरवाएं, तथा पूरी जांच के साथ सही जानकारी दर्ज करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। बैठक में उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने मारवाल को माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में व्यापारिक वर्ग की भागीदारी, संगठन की मजबूती और जनसेवा का दायरा और अधिक विस्तृत होगा। स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और मारवाल के प्रति सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया गया।अपने सम्मान के लिए आभार जताते हुए सुरेन्द्र मारवाल ने कहा कि जिम्मेदारी के साथ समर्पण और जनसेवा की भावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश मात्र सत्ता की दौड़ नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच विश्वास बनाकर रखें, यही संगठन की शक्ति है।विधायक गोठवाल ने यह भी कहा कि मतदाताओं के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करना संगठन की बड़ी जिम्मेदारी है। कई लोग जानकारी के अभाव में या भ्रमवश फॉर्म नहीं भर रहे हैं, ऐसे में कार्यकर्ताओं को धैर्य, विनम्रता और सही मार्गदर्शन के साथ जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस संगठन बूथ स्तर से ही सक्रिय होकर एसआईआर अभियान को मजबूती देगा। बैठक में वक्ताओं ने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की संरक्षक रही है और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा ही संगठन की प्राथमिकता है। अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ब्लॉक एवं वार्ड स्तर पर एसआईआर जागरूकता अभियान चलाकर 4 दिसंबर से पहले सभी फॉर्म बीएलओ तक पहुंचाए जाएंगे। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और एसआईआर अभियान व संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ बैठक सम्पन्न हुई।













