16 अक्टूबर तक दाखिल होंगे पर्चे , 17 को होगी संवीक्षा और 19 अक्टूबर को नाम वापसी , जिला परिषद के 41 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कलेक्ट्रेट में बनाए दो नामांकन केंद्र

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर झुंझुनूं जिले में चुनावी गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। जिला परिषद एवं छह पंचायत समितियों के सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए मंगलवार, 13 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिले में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि जिला परिषद एवं संबंधित पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए अभ्यर्थी 13 से 16 अक्टूबर तक नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। नामांकन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है।
नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। जिला परिषद के 41 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्राप्त करने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। निर्वाचन क्षेत्र संख्या 1 से 21 तक के लिए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इन क्षेत्रों के अभ्यर्थी अपने नामांकन कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 111 में जमा करा सकेंगे। वहीं, निर्वाचन क्षेत्र संख्या 22 से 41 तक के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन क्षेत्रों के नामांकन कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 109 में प्राप्त किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपने निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार निर्धारित कक्ष में ही नामांकन प्रस्तुत करना होगा। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्रशासन ने संबंधित उपखंड एवं तहसील कार्यालयों में नामांकन की व्यवस्था की है।
इसके तहत झुंझुनूं पंचायत समिति के लिए उपखंड कार्यालय झुंझुनूं, चिड़ावा के लिए उपखंड कार्यालय चिड़ावा, सूरजगढ़ के लिए उपखंड कार्यालय सूरजगढ़, सिंघाना के लिए उप तहसील कार्यालय सिंघाना, पिलानी के लिए तहसील कार्यालय पिलानी तथा बुहाना के लिए उपखंड कार्यालय बुहाना को नामांकन स्थल निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नामांकन से लेकर संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन तक की प्रक्रिया तय समय-सारिणी के अनुसार पूरी कराई जाएगी।13 अक्टूबर से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के साथ ही जिला परिषद और छह पंचायत समितियों के चुनाव की औपचारिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। अब अभ्यर्थियों की नजर नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की निर्धारित तिथियों पर रहेगी।












