झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
स्वायत्त शासन विभाग (डीएलबी) ने प्रदेशभर के नगर निकायों में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तबादला सूची जारी की है। इस सूची में झुंझुनूं जिले के नगर परिषद एवं विभिन्न नगर पालिकाओं में भी अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति झुंझुनूं नगर परिषद के आयुक्त के रूप में राकेश कुमार की हुई है। उनके पदभार संभालने के साथ ही नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नवनियुक्त आयुक्त राकेश कुमार इससे पहले श्रीगंगानगर नगर परिषद में सचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्हें स्थानीय निकाय प्रशासन का लंबा अनुभव है। वे पूर्व में नवलगढ़ एवं बिसाऊ नगर पालिका में अधिशाषी अधिकारी (ईओ) के रूप में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की उनकी समझ को देखते हुए विभाग ने उन्हें झुंझुनूं नगर परिषद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले की नगर पालिकाओं में भी बदले अधिशासी अधिकारी
डीएलबी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार जिले के अन्य नगर निकायों में भी अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। गौतम शर्मा को चिड़ावा नगर पालिका का नया अधिशाषी अधिकारी (ईओ) नियुक्त किया गया है।दिनेश नूनिया, जो अब तक चिड़ावा नगर पालिका में कार्यरत थे, उन्हें स्थानांतरित कर पिलानी (विद्या विहार) नगर पालिका का अधिशाषी अधिकारी बनाया गया है। वर्षा चौधरी को पिलानी नगर पालिका का नया अधिशाषी अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूनम चंद सेन को मुकुंदगढ़ नगर पालिका का नया अधिशाषी अधिकारी (ईओ) बनाया गया है।
दो अधिकारियों को किया गया एपीओ
प्रशासनिक पुनर्संरचना के तहत विभाग ने दो अधिकारियों को एपीओ भी किया है। इनमें नगर परिषद झुंझुनूं के राजस्व अधिकारी (द्वितीय) अंगीश कुमावत तथा मुकुंदगढ़ नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रविंद्र धनखड़ शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को आगामी आदेश तक प्रतीक्षारत रखा गया है। प्रदेश सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को नगर निकायों में कार्यकुशलता बढ़ाने, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। झुंझुनूं जिले में नए अधिकारियों की नियुक्ति से नगर परिषद और नगर पालिकाओं में जनहित से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास योजनाओं को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।










