सांसद इकरा हसन, मोटिवेशनल स्पीकर मुनव्वर जमा और शाही इमाम उस्मान लुधियानवी करेंगे संबोधित
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सामाजिक संस्था मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को अध्यक्ष इब्राहिम खान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 28 जून को झुंझुनूं में ‘इस्लाहे मुआसरा’ एवं ‘तालीमी कॉन्फ्रेंस’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक सुधार को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहेगा। बैठक में बताया गया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद इकरा हसन शिरकत करेंगी। वहीं देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर मुनव्वर जमा तथा पंजाब के शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी भी अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक एकता, नैतिक मूल्यों और आधुनिक दौर की चुनौतियों जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी। मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन समाज में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ युवाओं को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित करने का मंच बनेगा। आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में हाजी तहसीन अली, बरकत गहलोत, शाकिर खोखर, शमसाद खान जाबासर, अनीश खान, मास्टर यूनुस भाटी, शफीक नूआ, अब्दुल हुकमपूरा, अकरम चेजारा, इम्तियाज तगाला, सलाउद्दीन तगाला, जावेद कुरैशी, यूनुस रंगरेज, अब्दुल गफ्फार, नईम सिद्दीकी, मुबारिक पहाड़ियान, आरिफ चंदेल, रफीक पहाड़ियान, सलीम लुहार, मुकर्रम अंसारी, इकबाल मंडावा, रियाज खिलजी, अकरम खोखर तथा रफीक लखपती सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम दरगाह रोड स्थित कुरैशी गेस्ट हाउस, झुंझुनूं में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का शुभारंभ रविवार, 28 जून 2026 को प्रातः 9:30 बजे होगा। मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेकर शिक्षा और सामाजिक सुधार के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।










