26 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजन , शुगर, बीपी, हार्ट, फेफड़ों सहित कई महत्वपूर्ण जांचें भी होंगी निःशुल्क
झुंझुनूं। समाजसेवा और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ढूकिया हॉस्पिटल, झुंझुनूं की ओर से स्व. हरकोरी देवी की पुण्यतिथि पर गुरूवार, 26 नवंबर को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। इसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देकर मरीजों को निःशुल्क परामर्श प्रदान करेंगे।
ढूकिया हॉस्पिटल की डॉ. मोनिका ढूकिया ने बताया कि शिविर में न्यूरो विशेषज्ञ डॉ. जोगेंद्र सिंह, गैस्ट्रो एवं लिवर विशेषज्ञ डॉ. नवीन महला, गुर्दा एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय ओला, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. दुष्यंत कुमार सोनी, फिजियोथेरेपिस्ट एवं चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. मुरलीधर सैनी तथा डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. विनोद कुमार जांगिड़ अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में मरीजों के लिए शुगर, ब्लड प्रेशर (बीपी), एचबीए1सी, पीएफटी, बीएमडी, पीएसए एवं एक्स-रे सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की जाएंगी।
इससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों से परामर्श लेने और जरूरी स्वास्थ्य जांच करवाने का अवसर मिलेगा। डॉ. मोनिका ढूकिया ने बताया कि स्व. हरकोरी देवी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आमजन को बेहतर चिकित्सा परामर्श और जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
















