ग्लोबल एजुकेशन की ओर से आयोजित समारोह में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
पाली। शहर के आदर्श नगर में रविवार को सामाजिक संगठन ग्लोबल एजुकेशन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पाली जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ग्लोबल एजुकेशन की निदेशक प्रगति बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने कहा कि पाली में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के बच्चों और युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर निखारने की है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक कार्यालय पाली के चंद्रेशपाल सिंह ने कहा कि जिले में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की भरमार है। इन विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से जिले का गौरव बढ़ाया है। सहायक निदेशक महात्मा गांधी प्रकोष्ठ ललित देव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय युवाओं का है। युवाओं के सकारात्मक प्रयास, नवाचार और समर्पण से ही समाज एवं देश का विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इन प्रतिभाओं ने बढ़ाया पाली का मान
निदेशक प्रगति बंसल ने बताया कि हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेता रहे सौम्या खींचा, प्रणवी गुलेचा, विष काकरिया, रिद्धिमा, कौशिक, मनस्वी पूनिया, जिया गुलेचा, खनक, कौशिक, धैर्य राज शर्मा, हर शिव जैन, पीयूष जैन, रुत्विका शर्मा एवं अर्निका शर्मा को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में सुमित्रा जुनेजा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, विनोद कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक, अभिभावक और शहरवासी मौजूद रहे।

















