मतदान के बाद घर पहुंचकर युवक ने उठाया आत्मघाती कदम; घटना से आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम किया, पुलिस मौके पर
पाली/फालना। प्रहलाद सिंह चारण
पाली जिले के फालना में नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के बूथ एजेंट की मौत का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 21 स्थित पीएमश्री स्कूल मतदान केंद्र पर कांग्रेस प्रत्याशी रवि के बूथ एजेंट दिनेश पुत्र पन्नालाल की मौत से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र से घर लौटने के बाद दिनेश ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाया धमकी देने का आरोप
घटना को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित ने आरोप लगाया कि दिनेश को धमकाया गया था। कांग्रेस का कहना है कि कथित धमकी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
हालांकि, धमकी दिए जाने और आत्महत्या के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद लोगों ने किया रास्ता जाम
दिनेश की मौत की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर दिया और घटना को लेकर विरोध जताया।सूचना मिलने पर फालना थाना प्रभारी पन्नालाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर समझाइश शुरू की और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों, मृतक की स्थिति और लगाए जा रहे आरोपों की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पाली नगर निगम चुनाव 2026: 166 मतदान केन्द्रों पर होगी वोटिंग, 244 प्रत्याशी मैदान में
















