बड़ागांव से छापोली तक मतदान व्यवस्थाओं की परखी हकीकत, कार्मिकों को दिए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश , बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा, 89 वर्षीय पतासी देवी ने मतदान कर पेश की जागरूकता की मिसाल


झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव के दौरान जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग, चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. गौरव चतुर्वेदी एवं झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
अधिकारियों ने बड़ागांव, नाटास, बजावा, छावसरी, केड, गुड़ापौंख, पापड़ा, पचलंगी एवं छापोली ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने मतदान केंद्रों पर तैनात मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित होनी चाहिए। प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रखने तथा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. गौरव चतुर्वेदी ने मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए चुनाव संबंधी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदान व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंधों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान के साथ मतगणना की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव की प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है।
89 वर्ष की उम्र में भी लोकतंत्र के प्रति जज्बा , पतासी देवी ने किया मतदान
चुनावी माहौल के बीच लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और मतदान के महत्व की प्रेरक तस्वीर केड ग्राम पंचायत में देखने को मिली। यहां 89 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता पतासी देवी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह देखते ही बना। पतासी देवी की मतदान में भागीदारी ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनका यह जज्बा अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायक रहा।
जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। ऐसे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान करने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। प्रशासन का प्रयास रहा कि शारीरिक असुविधा अथवा अधिक उम्र किसी भी मतदाता के लोकतांत्रिक अधिकार के आड़े नहीं आए। जिले में मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त निगरानी ने चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की गंभीरता को प्रदर्शित किया। प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध करवाते हुए पंचायती राज चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना रहा।












