श्रद्धांजलि सभा में किसान हितों, जागीरदारी प्रथा के विरोध और सामाजिक सौहार्द के लिए उनके योगदान को किया याद





चूरू। किसान मसीहा चौधरी कुंभाराम आर्य की पुण्यतिथि पर कुंभाराम आर्य स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर किसानों के अधिकारों, सामाजिक समानता और जनकल्याण के लिए किए गए उनके कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंभाराम आर्य किसान फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट चेतराम सहारण ने की। उन्होंने कहा कि चौधरी कुंभाराम आर्य ने किसानों को जमीन का मालिकाना हक दिलाने और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
किसान हितों और सामाजिक समानता के लिए संघर्ष को किया याद
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चौधरी कुंभाराम आर्य ने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर किसान वर्ग को शोषण से मुक्त कराने के लिए काम किया।विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि कुंभाराम आर्य ने राजस्थान में किसान समुदाय को जमीन का अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जातिगत राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के हितों को प्राथमिकता दी।
निवर्तमान जिला उप प्रमुख महेंद्र न्योल ने कुंभाराम आर्य से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उन्होंने जागीरदारी प्रथा का पुरजोर विरोध किया और किसानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। वे विधानसभा में किसान वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे तथा उनके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करने को तत्पर रहते थे।
शिक्षा और सामाजिक सौहार्द में योगदान को सराहा
नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने कहा कि कुंभाराम आर्य ने शिक्षा, महिला जागृति तथा धार्मिक और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य किया। सुनील ढाका ने कहा कि चौधरी कुंभाराम आर्य ने पीड़ित मानवता के कल्याण और जरूरतमंदों के हितों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गणमान्यजन रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में मिस्टर चूरू राकेश बेनीवाल, विजेंद्र सिहाग, भागीरथ पूनिया, प्रताप कस्वां, दयानंद श्योराण, सुखदेव कस्वां, सचिन सहारण, हीरालाल फगेड़िया, कमल डूडी और राजेंद्र डूडी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने चौधरी कुंभाराम आर्य के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।














