Advertisement
Home राजस्थान चूरू बेटी को बरामद कर सुपुर्द करने की मांग पर अस्पताल की टंकी...

बेटी को बरामद कर सुपुर्द करने की मांग पर अस्पताल की टंकी पर चढ़ी महिला

चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल परिसर में नाबालिग बेटी को सुपुर्द करने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिला की घटना

चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल में करीब एक घंटे तक चला घटनाक्रम, पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन पर सुरक्षित नीचे उतरी

चूरू। अपनी नाबालिग बेटी को अपने सुपुर्द करने की मांग को लेकर गांव घांघू निवासी करीब 50 वर्षीय महिला गुरुवार को राजकीय डीबी अस्पताल परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला करीब एक घंटे तक टंकी पर चढ़ी रही। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस, कोतवाली थाना, सदर थाना और महिला पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने का प्रयास किया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई।

4 सितंबर को घर से गई थी नाबालिग बेटी

महिला ने आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग बेटी 4 सितंबर को घर से चली गई थी। महिला की मांग थी कि बेटी को बरामद कर उसे सुपुर्द किया जाए। इसी मांग को लेकर वह अस्पताल परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।

बाल कल्याण समिति के निर्णय से नाराज थी महिला

अस्पताल चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि संबंधित नाबालिग की गुमशुदगी सदर थाने में दर्ज हुई थी। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया था। समिति के समक्ष किशोरी ने अपनी सगी बहन के साथ जाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद उसे उसकी बहन के साथ भेज दिया गया।

इस निर्णय से महिला नाराज थी। इसी नाराजगी के चलते वह गुरुवार को पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को समझाया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। पुलिस ने आवश्यक समझाइश के बाद उसे रवाना कर दिया।

Advertisement