असली सोने का टुकड़ा दिखाकर जीता भरोसा, 500 ग्राम का नकली झूमर थमाकर फरार हुए ठग
चूरू। निकटवर्ती रामगढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली से सोने का खजाना मिलने की कहानी बनाकर दो शातिर ठगों ने शहर के एक दुकानदार को गोल्ड ट्रैप में फंसाकर करीब 5 लाख रूपये की ठगी कर ली। ठगी का शिकार दुकानदार रविवार को कोतवाली थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दी।जानकारी के अनुसार ठगों ने दुकानदार को झांसा दिया कि वे रामगढ़ क्षेत्र की एक पुरानी हवेली तोड़ने का काम कर रहे थे, जहां दीवार से सोने का पुराना खजाना मिला है। इसी कहानी में फंसाकर ठगों ने जूते-चप्पल के दुकानदार से लाखों रुपए ऐंठ लिए।मामला शहर की नई सड़क स्थित एक जूता दुकान से जुड़ा है। पवन कुमार ने बताया कि करीब 10 दिन पहले एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया था। उसने अपना नाम रामेश्वर बताया और खुद को पाली क्षेत्र का मजदूर बताया। उस दिन उसने जूते-चप्पल खरीदे और बातचीत के दौरान परिचय बढ़ा लिया।इसके बाद वह अपने एक साथी के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। दोनों ने दावा किया कि उन्हें हवेली तोड़ने के दौरान सोने का पुराना झूमर मिला है। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने झूमर का एक छोटा टुकड़ा पवन कुमार को दिया और कहा कि चाहे तो इसकी जांच करवा लें।पवन कुमार ने सुनार से जांच करवाई तो वह टुकड़ा असली सोना निकला। इसके बाद ठगों ने करीब 500 ग्राम वजनी पूरा झूमर दिखाया और कहा कि जरूरत के कारण वे इसे बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेच रहे हैं। सौदा 5 लाख रूपये में तय हुआ और पवन कुमार ने अलग-अलग समय में रकम दे दी।बाद में जब झूमर का हिस्सा तुड़वाकर दोबारा जांच करवाई गई तो सच्चाई सामने आई। जांच में पता चला कि सिर्फ वही छोटा हिस्सा असली सोने का था, जो पहले जांच के लिए दिया गया था, जबकि पूरा झूमर नकली धातु का बना हुआ था।ठगी का एहसास होते ही पवन कुमार के होश उड़ गए और वह कोतवाली थाने पहुंचा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।











