मंजू बाईसा करेंगी लोकार्पण, देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
चूरू। दक्ष प्रजापति भवन में श्री बाबोसा मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। ट्रस्ट के प्रमुख प्रकाश कोठारी ने बताया कि शहर में आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुके प्राचीन श्री बालाजी बाबोसा मंदिर के नवीनीकृत एवं विस्तारित स्वरूप का लोकार्पण समारोह 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। परम आराधिका मंजू बाईसा अपने कर कमलों से मंदिर का लोकार्पण करेंगी। समारोह में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
ट्रस्ट के अनुसार श्री बालाजी बाबोसा भगवान के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चूरू पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्राचीन मंदिर के विस्तार एवं नवीनीकरण की आवश्यकता महसूस की गई। इसी के तहत मंदिर को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है और नवीनीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
मुख्य ट्रस्टी प्रकाश कोठारी ने बताया कि लोकार्पण समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
सनातन धर्म के प्रमुख देवी-देवताओं की प्रतिमाएं होंगी स्थापित
नवीनीकृत मंदिर में श्री बालाजी एवं श्री बाबोसा भगवान की विशाल प्रतिमाओं के साथ सनातन धर्म के प्रमुख देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। चूरू में स्थापित श्री बाबोसा भगवान की विशाल प्रतिमा के कारण बाबोसा दिव्य स्थल पहले से ही श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ट्रस्ट का मानना है कि मंदिर के नवीनीकरण के बाद यह स्थल धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
15 हजार मूर्तियों में प्राण-प्रतिष्ठा का दावा
प्रेस वार्ता में बताया गया कि परम आराधिका मंजू बाईसा श्रद्धालुओं के आग्रह पर चूरू के विभिन्न घरों में बाबोसा भगवान की तीन फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करवाकर भजन संध्याओं का आयोजन करवा रही हैं। ट्रस्ट के अनुसार, मंजू बाईसा ने देश-विदेश में श्री बालाजी बाबोसा भगवान तथा सनातन धर्म के प्रमुख देवी-देवताओं की करीब 15 हजार मूर्तियों में प्राण-प्रतिष्ठा की है।
ट्रस्ट की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि उन्होंने देशभर में अपने कर कमलों से 159 मंदिरों को लोकप्रिय बनाने का कार्य किया है। वे घर-घर जाकर लोगों को सनातन धर्म के महत्व, संस्कारों और संस्कृति के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।
ट्रस्ट के अनुसार, उनके प्रयासों से विशेष रूप से किशोरों और युवाओं में भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के प्रति आस्था बढ़ रही है। युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर संस्कारों एवं धार्मिक मूल्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान अजय बैद, चंद्रप्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














