तारबाड़ के बाद टीन शेड लगाकर पक्का निर्माण करने का आरोप, प्रशासन से मौके की जांच कर कार्रवाई की मांग
खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी थाना क्षेत्र के पपूरना गांव स्थित प्रसिद्ध माता शाकंभरी मंदिर के पास की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी सुनील कुमार चौहान को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। शाकंभरी माता मंदिर समिति के महीपाल सिंह निर्वाण ने बताया कि मंदिर के पास स्थित जमीन पर शैलेंद्र मेहरा आदि द्वारा पहले तारबाड़ की गई और अब वहां टीन शेड लगाकर पक्का अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में प्रशासन से मौके का निरीक्षण एवं जमीन की जांच करवाकर कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग की। साथ ही मंदिर परिसर एवं आसपास की भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि धार्मिक स्थल से जुड़ी जमीन के मामले में प्रशासन को गंभीरता से जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद पैदा न हो।
उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई। इस दौरान ओमवीर सिंह, मोहन सिंह, वीर सिंह, महीपाल सिंह निर्वाण, हवासिंह निर्वाण, शीशराम सिंह, जस्सु सिंह, सवाई सिंह, कैप्टेन शेर सिंह, सुगन सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।












