Advertisement
Home राजस्थान चूरू क्रिकेट प्रतियोगिता से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य आगाज

क्रिकेट प्रतियोगिता से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य आगाज

चूरू में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ सभापति विनय गोयनका

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, मैदान में सभापति विनय गोयनका ने भी लगाए शॉट

चूरू। अग्रवाल समाज, चूरू की ओर से आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 का बुधवार को क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। प्रतियोगिता को लेकर बच्चों, युवाओं और समाज के लोगों में खासा उत्साह नजर आया। आयोजन स्थल पर खेल भावना के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ नगर परिषद चूरू के सभापति एवं शहर के प्रथम नागरिक विनय गोयनका (शेरू जी) ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद सभापति स्वयं क्रिकेट मैदान में उतरे और बच्चों एवं प्रतिभागियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया और आयोजन की सराहना की। सभापति के इस आत्मीय अंदाज से मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और अग्रबंधुओं में उत्साह देखने को मिला।

सैकड़ों खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

प्रतियोगिता में सैकड़ों बच्चों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सौहार्द और सामाजिक एकजुटता की भावना भी दिखाई दी।आयोजकों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम श्री अग्रसेन भवन, चांदनी चौक, चूरू में आयोजित किए जाएंगे। इनमें अग्रवाल समाज के बच्चों, महिलाओं, युवाओं सहित परिवारों की सहभागिता रहेगी।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव के माध्यम से सामाजिक समरसता, प्रतिभाओं को मंच देने और समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने अग्रवाल समाज के सभी परिवारों से महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।

Advertisement