Advertisement
Home राजस्थान चूरू प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने छात्राओं से किया संवाद

प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने छात्राओं से किया संवाद

चूरू के कन्या आदर्श छात्रावास में छात्राओं से संवाद करते प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत

महिला कल्याण संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने रखीं छात्रावास की समस्याएं और सुझाव, ओपन जिम व पुस्तकालय की मांग

चूरू। कन्या आदर्श छात्रावास में बुधवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने महिला कल्याण संवाद कार्यक्रम के तहत छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और अपनी आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव प्रभारी मंत्री के समक्ष रखे।

प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।

बेटियां प्रगति की आधारशिला : विधायक सहारण

विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला हैं। छात्राओं को शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्रावास की आवश्यकताओं पर भी ध्यान देने की बात कही।

छात्राओं ने रखीं सुविधाओं से जुड़ी मांगें

संवाद के दौरान छात्राओं ने छात्रावास में ओपन जिम एवं पुस्तकालय खोलने की मांग रखी। प्रभारी मंत्री ने छात्राओं की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक केके चन्द्रवंशी को छात्रावास में छात्राओं की साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच करवाने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षक चंद्रावती ने अतिथियों का स्वागत किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक केके चन्द्रवंशी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एससी आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक, रतनगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व प्रधान संतोष तालणिया, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नगेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामनिवास भुवाल सहित छात्राएं मौजूद रहीं।

Advertisement