Advertisement
Home चूरू सुजानगढ़ सुजानगढ़ आईटीआई में पंचम कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित

सुजानगढ़ आईटीआई में पंचम कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित

सुजानगढ़ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पंचम कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित करते अतिथि

छह ट्रेड के 18 प्रशिक्षार्थियों को मिले प्रमाण पत्र, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

सुजानगढ़। स्थानीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को पंचम कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। आईटीआई के सहायक निदेशक मनोज कुमार नारनोलिया की अध्यक्षता में हुए समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. घनश्याम नाथ कच्छावा ने छह व्यवसाय ट्रेड के 18 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण अवधि पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए।

साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर आईटीआई के अधीक्षक मनोज कुमार नारनोलिया ने कौशल दीक्षांत समारोह के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम नाथ कच्छावा ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन निर्माण की मजबूत नींव रखता है। यह किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करता है, जो सीधे रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ती है। आईटीआई का कौशल विकास युवाओं के सपनों को साकार करने और सम्मानजनक जीवन जीने की कुंजी है।

उन्होंने कहा कि ‘स्किल इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों को सफल बनाने में आईटीआई के कुशल विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा अपने कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भागीदार बन सकते हैं।विशिष्ट अतिथि इंजीनियर मनीष कुमार बागड़ा ने कहा कि कौशल विकास व्यक्ति को नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाला बनने की क्षमता प्रदान करता है और स्वरोजगार के नए रास्ते खोलता है।

विशिष्ट अतिथि इंजीनियर आशीष मोदी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपनी ओर से डायरी और पेन भेंट किए। उन्होंने कहा कि कम समय और कम खर्च में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा जल्दी अपनी आजीविका अर्जित करने लगते हैं। इससे उनके साथ-साथ उनके परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर होता है।

राजस्थान प्रशासनिक अधीनस्थ सेवा में चयनित अर्जुन चौहान ने कहा कि किसी व्यक्ति के पास विशेष हुनर होने से उसके भीतर काम करने का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में उसे नई पहचान एवं सम्मान मिलता है। कार्यक्रम में अनुदेशक हेम सिंह सहित संस्थान के समस्त स्टाफ ने अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। मंच संचालन पृथ्वी सिंह ने किया।

Advertisement