राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को दिया ज्ञापन, ओबीसी के लिए अलग कैटेगरी और प्रत्येक जाति का विशिष्ट कोड निर्धारित करने की मांग
चूरू। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ओबीसी अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हरसाय यादव के निर्देश पर चूरू जिला ओबीसी प्रकोष्ठ की ओर से ओबीसी वर्ग की जातियों की वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक गणना सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिला ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष नारायण बालाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आगामी जाति जनगणना में ओबीसी श्रेणी को स्पष्ट रूप से शामिल करने तथा प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट Scientific Caste/Community Code निर्धारित करने की मांग रखी गई। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में एक ही जाति के अलग-अलग नाम, पर्यायवाची नाम और वर्तनी होने के कारण आंकड़ों के विभाजन या दोहराव की समस्या सामने आ सकती है।
मानकीकृत कास्ट मास्टर लिस्ट की मांग
ज्ञापन में इस समस्या के समाधान के लिए राज्यवार मानकीकृत Caste Master List तैयार करने, प्रमाणित पर्यायवाची नाम शामिल करने तथा डिजिटल जनगणना प्रणाली में searchable drop-down system उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। हाल ही में तेलंगाना विधानसभा ने भी केंद्र से जनगणना में ओबीसी के लिए अलग श्रेणी और पूर्व-प्रमाणित जाति सूचियों को डिजिटल प्रणाली में शामिल करने की मांग की है।
ज्ञापन में जाति जनगणना की अंतिम पद्धति निर्धारित करने से पहले विशेषज्ञ समिति गठित करने तथा सामाजिक एवं जाति-समुदाय संगठनों से राज्यवार परामर्श करने की मांग भी की गई। साथ ही तेलंगाना के Socio-Economic, Education, Employment, Political and Caste (SEEEPC) Survey के अनुभवों को भी वैज्ञानिक तरीके से शामिल करने का अनुरोध किया गया। तेलंगाना में यह सर्वेक्षण 2024 में शुरू किया गया था और इसमें परिवार स्तर पर सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, रोजगार, राजनीतिक और जातिगत जानकारी जुटाई गई थी।
लक्षित नीतियों के लिए आंकड़ों को बताया जरूरी
ज्ञापन में कहा गया कि विश्वसनीय जातिगत आंकड़े ओबीसी वर्ग के भीतर उप-वर्गीकरण, वंचित समुदायों की पहचान और लक्षित कल्याणकारी नीतियों के निर्माण में आधार प्रदान कर सकते हैं। कांग्रेस की ओर से जातिगत आंकड़ों को व्यवस्थित एवं प्रमाणिक तरीके से जुटाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर चूरू शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष असलम खोखर, नगर परिषद सभापति प्रत्याशी संजय भाटी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता जमील चौहान, चंद्र मोहन सैनी, पार्षद शाहरूख खान, तोफिक खान, चंद्रप्रकाश, अजीज खान, अनिल सैनी, लोकेश सैनी, अनीस खान, अबरार खान, सुशील स्वामी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।













