Advertisement
Home राजस्थान पाली देसूरी में लॉरी चालक से मारपीट के विरोध में प्रदर्शन, दोनों पक्षों...

देसूरी में लॉरी चालक से मारपीट के विरोध में प्रदर्शन, दोनों पक्षों ने दी रिपोर्ट

देसूरी मुख्य चौराहे पर लॉरी चालक से कथित मारपीट के मामले में प्रदर्शन करते ग्रामीण

लॉरी चालक से मारपीट के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, देसूरी चौराहे पर की नारेबाजी, दोनों पक्षों ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट, एक पक्ष ने मारपीट तो दूसरे ने धार्मिक भावनाएं आहत करने और युवकों से मारपीट का लगाया आरोप; सात लोगों के खिलाफ नामजद कार्रवाई की मांग

देसूरी।पाली । प्रहलाद सिंह
लॉरी चालक के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने देसूरी मुख्य चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इससे पहले बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बाद में चौराहे पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक रतन देवासी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। उन्होंने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जीप की टक्कर से लॉरी क्षतिग्रस्त होने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लाबुराम देवासी देसूरी चौराहे पर अपनी दुकान के सामने लॉरी लेकर खड़े थे। इसी दौरान देसूरी निवासी गुलाब खान पुत्र रमजान खान जीप लेकर वहां पहुंचे और लॉरी को टक्कर मार दी।आरोप है कि इस घटना में लाबुराम देवासी और उनके तीन वर्षीय बेटे को चोटें आईं तथा लॉरी भी क्षतिग्रस्त हो गई। लाबुराम ने शुक्रवार को पुलिस को रिपोर्ट दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ी। इसी को लेकर शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उन्होंने देसूरी मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन किया।

मुस्लिम समाज ने भी पुलिस को दी रिपोर्ट

दूसरी ओर, मुस्लिम समाज देसूरी के सदर शमशेर खान की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई। रिपोर्ट में गांव का साम्प्रदायिक माहौल खराब करने और ज्ञापन देने जाते समय देसूरी मुख्य चौराहे पर मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने आपत्तिजनक और धार्मिक विरोधी नारे लगाए। मुस्लिम समाज ने घटना पर रोष जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

रैली के रूप में थाने पहुंचे समाज के लोग

शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे मुस्लिम समाज के ग्रामीण और महिलाएं रैली के रूप में देसूरी थाने पहुंचे। वहां पुलिस उपाधीक्षक रतन देवासी को रिपोर्ट सौंपते हुए सात लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करने की मांग की गई।समाज के लोगों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी रखी। मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई और जांच की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Advertisement