Advertisement
Home राजस्थान पाली दीपावली पर फालना-खुडाला में होगी विशेष रोशनी, नगरपालिका और व्यापार मंडल ने...

दीपावली पर फालना-खुडाला में होगी विशेष रोशनी, नगरपालिका और व्यापार मंडल ने बनाई रणनीति

फालना-खुडाला में दीपावली की रोशनी, सफाई और बाजार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगरपालिका व व्यापार मंडल की बैठक

बाजारों में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, सफाई और सुरक्षा पर विशेष फोकस; मुख्य चौराहों व प्रमुख बाजारों में होगी आकर्षक लाइटिंग

प्रहलाद सिंह | फालना-खुडाला (बाली)

दीपावली पर्व को हर्षोल्लास, शांति और सुव्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए फालना-खुडाला नगरपालिका क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगरपालिका कार्यालय के सभागार में नगरपालिका प्रशासन और स्थानीय व्यापार मंडल की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और शहर को आकर्षक रोशनी से सजाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष उमाकंवर और अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने की। बैठक में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बाजारों की विशेष सफाई, सुरक्षा और प्रमुख स्थानों पर सजावट को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

प्रमुख बाजारों और चौराहों पर होगी आकर्षक रोशनी

दीपावली के अवसर पर नगरपालिका क्षेत्र के मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख बाजारों में आकर्षक लाइटिंग एवं सजावट की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही बाजारों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और आम नागरिकों तथा ग्राहकों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर चर्चा हुई।

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुगम यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निर्णय लिए गए, ताकि बाजारों में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था पर भी जोर

बैठक में बाजारों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन और व्यापार मंडल ने त्योहार के दौरान बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

नगरपालिका अध्यक्ष उमाकंवर और अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने कहा कि दीपावली पर व्यापारियों और आम नागरिकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना नगरपालिका प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में बेहतर व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में नगरपालिका उपाध्यक्ष गोपाराम, समाजसेवी देवेंद्र सिद्धावत, व्यापार संघ अध्यक्ष कुणाल पंवार, प्रीतपाल सिंह छाबड़ा, अमित मेहता, शिवप्रकाश तिवारी, बलवीर सिंह, हेमाराम चौधरी, श्रवण कुमार सेंवर, संभव जैन, दिनेश वैष्णव, अनंत नारायण सिंह और अनिल सिंह खंगारोत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement