नेचर पार्क में चलाया सफाई अभियान, कचरा और सूखे पत्ते एकत्र कर की परिसर की सफाई; पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन हुई गतिविधि
चूरू। पुनीत सोनी
राजस्थान राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्यालय चूरू के तत्वावधान में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन शनिवार को स्काउट-गाइड ने नेचर पार्क में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान शिविरार्थियों ने पार्क परिसर की साफ-सफाई करते हुए आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
पार्क परिसर में किया श्रमदान
सीओ स्काउट महिपाल सिंह तंवर ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में स्काउट-गाइड को नियमित प्रशिक्षण के साथ समाजसेवा, श्रमदान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में शिविरार्थियों को नेचर पार्क ले जाकर श्रमदान करवाया गया।
अभियान के दौरान स्काउट-गाइड ने उत्साह के साथ भाग लिया और पार्क परिसर में फैले कचरे, सूखे पत्तों तथा अनावश्यक घास-फूस को एकत्र किया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
नारों के जरिए किया जागरूक
शिविरार्थियों ने “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन”, “पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं” और “स्वच्छता ही सेवा है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रमदान जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास होता है।
प्रशिक्षण दल दे रहा सेवाएं
पांच दिवसीय शिविर में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देने के लिए सुभिता महला, मनीराम, सत्यनारायण स्वामी, विमल शर्मा, विजय कुमार, विजेंद्र मीणा, राजकुमार एवं गौतम सिंह तंवर प्रशिक्षण दल के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
















