पटाखे जैसी आवाज निकालकर शहर की शांति भंग करने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, जब्त उपकरण नष्ट किए
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
बाइकों पर अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने तथा तेज आवाज वाले हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 100 दुपहिया वाहनों को जब्त कर सीज किया।
इन वाहनों से उतारे गए अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न को शुक्रवार को बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि शहर में लंबे समय से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, जो अपनी बाइकों में कंपनी की ओर से निर्धारित मूल साइलेंसर को हटाकर अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाते हैं। इन साइलेंसर से बाइक चलाते समय पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती है। कई वाहन चालक तेज आवाज वाले हॉर्न का भी इस्तेमाल करते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के साथ-साथ आमजन को परेशानी होती है और शहर की शांति व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच कर ऐसे दुपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 100 मोटर साइकिलों को जब्त कर सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहनों में लगे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर उतारे गए। इसके अलावा तेज आवाज वाले हॉर्न भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त किए गए इन उपकरणों को यातायात शाखा के नजदीक गली में एकत्र करवाया और शुक्रवार को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शहर में ध्वनि प्रदूषण और अनावश्यक शोर पर अंकुश लगाना है। मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और आम राहगीरों को परेशानी होती है। कई बार तेज आवाज के कारण सड़क पर अचानक अफरा-तफरी की स्थिति भी बन जाती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही है।
यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन खरीदने के बाद उसे कंपनी की ओर से निर्धारित मूल स्वरूप में ही रखें। बाइक में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज आवाज वाले हॉर्न अथवा अन्य ऐसे उपकरण नहीं लगाएं, जिनसे अनावश्यक रूप से तेज अथवा पटाखे जैसी आवाज निकलती हो। उन्होंने कहा कि वाहन में किसी प्रकार का बदलाव करने से पहले संबंधित नियमों का ध्यान रखना जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें, ताकि सड़क सुरक्षा के साथ शहर का शांतिपूर्ण वातावरण भी बना रहे।













