Advertisement
Home राजस्थान चूरू पिकअप में छिपाकर ले जा रहे थे शराब और हथियार, नाकाबंदी में...

पिकअप में छिपाकर ले जा रहे थे शराब और हथियार, नाकाबंदी में तीन गिरफ्तार

रतननगर पुलिस की कार्रवाई में पिकअप से बरामद देशी पिस्टल, चार कारतूस और देशी शराब

रतननगर पुलिस की कार्रवाई: पिकअप से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और अवैध देशी शराब बरामद; तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज

चूरू। अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतननगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 235 पव्वे देशी शराब बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 24 सितंबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चूरू सुनील कुमार के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी चूरू गजेन्द्र सिंह के सुपरविजन में की गई। रतननगर थानाधिकारी धापी सउनि के नेतृत्व में पुलिस टीम और डीएसटी चूरू प्रभारी किशनाराम की टीम ने संयुक्त रूप से नीमड़ी बस स्टैंड से रोही ढाढरिया बणीरोतान के पास नाकाबंदी की।

पिकअप की तलाशी में मिला हथियार और शराब

नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन नंबर RJ 10 GB 7408 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक वाहन से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 235 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए।मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश गोदारा (31) निवासी धोदल्या, थाना रतनगढ़, सुरेन्द्र कुमार जाट (35) निवासी दाऊदसर, थाना रतनगढ़ तथा भैराराम जाट (48) निवासी अजीतसर, थाना सरदारशहर के रूप में हुई है।

आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 98/2026 दर्ज कर धारा 19/54, 54क राजस्थान आबकारी अधिनियम तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले का अनुसंधान रतननगर थाने के थानाधिकारी सुभाषचन्द्र द्वारा किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार कार्रवाई में डीएसटी चूरू प्रभारी किशनाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में बरामद हथियार, कारतूस, शराब और वाहन के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Advertisement