गुसाईं मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निकली निशान यात्रा, लोयल मंदिर में चढ़ाया जाएगा सबसे पहले गोठड़ा के गुसाईं मंदिर का निशान
खेतड़ी।झुंझुनू।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के गोठड़ा गांव स्थित गुसाईं मंदिर से रविवार को बाबा रामदेव के लोयल स्थित मंदिर के लिए निशान पदयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। करीब 51 महिला-पुरूष श्रद्धालु हाथों में बाबा रामदेव के निशान लेकर पदयात्रा में शामिल हुए। रवाना होने से पहले गुसाईं मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर निशान की पूजा की गई। समाजसेवी हरीराम गुर्जर की मुख्य यजमानी में पंडितों ने धार्मिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के जयकारे लगाते हुए निशान यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए लोयल स्थित बाबा रामदेव मंदिर के लिए रवाना हुई।
सबसे पहले चढ़ता है गोठड़ा के गुसाईं मंदिर का निशान
समाजसेवी हरीराम गुर्जर ने बताया कि लोयल के बाबा रामदेव मंदिर में सबसे पहले गोठड़ा के गुसाईं मंदिर का निशान चढ़ाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष श्रद्धालु गुसाईं मंदिर से बाबा रामदेव का निशान लेकर पैदल लोयल पहुंचते हैं। पदयात्रियों द्वारा मंदिर पहुंचकर निशान चढ़ाया जाएगा और बाबा रामदेव के दरबार में धोक लगाकर क्षेत्र में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की जाएगी। निशान यात्रा के गांव से गुजरने के दौरान ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में बाबा रामदेव के जयकारे लगाए। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से ग्रामीणों में धार्मिक एवं सामाजिक आस्था को बढ़ावा मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी और युवाओं को सनातन परंपराओं एवं धार्मिक आयोजनों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, होशियार सिंह, संजय कुमार, अंकित, अभिषेक, मिंटू, लीलाधर, समीर कुमार, रामकुमार, धर्मेंद्र सिंह, दलीप, राजेंद्र कुमार, सुनील, यंत, पियूष, विद्या देवी, गीता देवी, कमला देवी, बबिता देवी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।













