विधायक ने विकास कार्यों के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की
खेतड़ी। झुंझुनू।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के रंवा गांव में बाबा भर्तरी का विशाल मेला श्रद्धा, आस्था और खेल उत्साह के साथ आयोजित हुआ। मेले में रंवा सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही बाबा भर्तरी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। दिन चढ़ने के साथ मंदिर परिसर और मेला स्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई।
मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कुश्ती प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी पहुंचे। अखाड़े में पहलवानों ने एक-दूसरे पर जोरदार दांव-पेच आजमाए। मुकाबलों के दौरान हर दांव पर दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। मेले की मुख्य कुश्ती सचिन जमालपुर और कपिल भिवाड़ी के बीच हुई। 21 हजार रूपए की इस कुश्ती में दोनों पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी।
काफी देर तक चले रोमांचक मुकाबले के बावजूद कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका और अंततः कुश्ती बराबरी पर छूट गई। मेले में 7,500 रूपए की कबड्डी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें सतनाली और छितरोली की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और दमखम के साथ खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले के बाद छितरोली की टीम विजेता रही। मेले में विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने बाबा भर्तरी मंदिर परिसर में विकास कार्यों के लिए विधायक कोष से 10 लाख रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों एवं ग्रामीणों को मेले की शुभकामनाएं दीं। वहीं कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच मोहर सिंह, रामनिवास, सुल्तान सरपंच, कैप्टन केसरदेव, सत्येंद्र बाबूजी, बनवारीलाल यादव, विजेंद्र अवाना सहित अनेक ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। मेले में दिनभर धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति और खेल भावना का उत्साह देखने को मिला।












