Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बूथों...

झुंझुनूं में डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बूथों का किया निरीक्षण

झुंझुनूं में डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया

डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, निर्भीक होकर मतदान की अपील

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के दौरान बुधवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने वार्ड संख्या 1, पशु चिकित्सालय, खानि अभियंता कार्यालय, बटवलान मोहल्ला, नायक मोहल्ला सहित वार्ड संख्या 49 एवं 50 के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर चल रही मतदान प्रक्रिया को देखा तथा मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या संकोच के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मतदाता स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Advertisement