झुंझुनूं में 1,346 पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं में से 1,154 ने डाला वोट, मतदान केंद्रों पर रैंप-व्हीलचेयर से लेकर वाहन तक की रही सुविधा
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान में झुंझुनूं जिले के दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराई। जिले के विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों में 1,346 पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं में से 1,154 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह दिव्यांग मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 85.73 प्रतिशत रहा। दिव्यांग मतदाता सुविधा प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि नगर परिषद झुंझुनूं सहित बगड़, सुलताना, नवलगढ़, जाखल, डूंडलोद, मुकुंदगढ़, उदयपुरवाटी एवं खेतड़ी में दिव्यांग मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ मतदान किया।
मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर और सुगम प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांग मतदाताओं को वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मतदान से पहले दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रयासों का असर मतदान दिवस पर भी देखने को मिला और बड़ी संख्या में दिव्यांग मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
85.73 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा यह संदेश देता है कि लोकतंत्र में भागीदारी के लिए शारीरिक चुनौतियां भी दिव्यांग मतदाताओं के उत्साह और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के सामने बाधा नहीं बनीं।












