मण्ड्रेला पुलिस की कार्रवाई, बिना रवन्ना-अनुज्ञापत्र पत्थर परिवहन करने का आरोप
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


मण्ड्रेला।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्ड्रेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 टन चेजा पत्थर से भरा डंपर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डंपर संख्या आरजे 18 जीबी 4905 को कब्जे में लेकर मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, वृत्ताधिकारी चिड़ावा गौरव गुर्जर के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मण्ड्रेला कैलाशचन्द के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को थानाधिकारी कैलाशचन्द मय जाप्ता गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चिड़ावा बाईपास, मण्ड्रेला में संदिग्ध डंपर को रूकवाकर जांच की गई। डंपर की तलाशी लेने पर उसमें करीब 40 टन चेजा पत्थर भरा हुआ मिला। पुलिस ने चालक से पत्थर के परिवहन के लिए आवश्यक रवन्ना एवं अनुज्ञापत्र मांगा, लेकिन चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में चालक ने पत्थर करमाड़ी पहाड़ी क्षेत्र से भरकर लाना बताया । पुलिस के मुताबिक बिना रवन्ना एवं अनुज्ञापत्र के पत्थर का परिवहन किया जाना पाए जाने पर डंपर को जब्त कर चालक रविन्द्र कुमार पुत्र बाबूलाल सैनी, उम्र 30 वर्ष, निवासी नानूवाली बावड़ी, थाना खेतड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी कैलाशचन्द उपनिरीक्षक, कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल रामनिवास (चालक) शामिल रहे।















