बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय चूरू के छात्र ने दिखाया दमखम, दो वर्षों से कर रहा ताइक्वांडो का अभ्यास



चूरू। बेंगलुरु, कर्नाटक में आयोजित 55वीं केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय चूरू के कक्षा 7वीं के छात्र युवल चौधरी लाधड़िया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर युवल ने विद्यालय और चूरू का नाम रोशन किया।युवल पिछले दो वर्षों से नियमित रूप से ताइक्वांडो का अभ्यास कर रहा है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उसने अपने कोच कविंद्र राठौर, पिता भूपेंद्र चौधरी, माता शारदा देवी और दादा जयलाल सिंह को दिया। युवल ने बताया कि नियमित अभ्यास और परिवार व कोच के प्रोत्साहन ने उसे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।युवल की सफलता पर केंद्रीय विद्यालय चूरू के विद्यालय परिवार और परिजनों ने खुशी जताई तथा उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवल आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
अंशुमन और देवेंद्र ने भी किया शानदार प्रदर्शन
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय चूरू के अंशुमन राठौड़ और देवेंद्र ने भी ताइक्वांडो में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।



















