रतन नगर में विकास कार्यों का शिलान्यास, यमुना जल परियोजना से फ्लोराइडयुक्त पानी से मिलेगी राहत

Screenshot

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और विधायक हरलाल सारण ने किया भूमि पूजन, सरकारी स्कूलों और जल परियोजना से जुड़े कार्यों को मिली गति

चूरू। रतन नगर में विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। पीएम श्री एचपी बुढ़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में अतिथि भवन सहित छात्र-छात्राओं के लिए प्रस्तावित सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। साथ ही अमृत-2.0 जल संवर्धन परियोजना के लिए श्री हरिप्रसाद बुढ़िया चैरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता की ओर से दान की गई भूमि पर भी भूमि पूजन हुआ।कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ और चूरू विधायक हरलाल सारण ने शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, विक्रम सिंह कोतवाल, पूर्व अध्यक्ष गोविंद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सतपाल सैनी, राजेंद्र नरेंद्र तथा ट्रस्ट प्रतिनिधि मनोहर लाल अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन मंच पर मौजूद रहे।

यमुना के मीठे पानी की दिशा में अहम कदम

कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रस्तावित जल संवर्धन परियोजना को रतन नगर के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से क्षेत्र में यमुना का मीठा पानी उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही फ्लोराइडयुक्त पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा के क्षेत्र में ट्रस्ट के कार्यों की सराहना

समारोह में श्री हरिप्रसाद बुढ़िया चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रतन नगर के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा सरकारी स्कूलों के निर्माण सहित विभिन्न जनहितकारी कार्य करवाए गए हैं, जबकि कई कार्य अभी प्रगति पर हैं।वक्ताओं ने कहा कि हरिप्रसाद बुढ़िया और उनके पुत्र संजय बुढ़िया लगातार रतन नगर में शिक्षा तथा जनहित से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहे हैं। इससे सरकारी विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में मदद मिल रही है।कार्यक्रम में रतन नगर के बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा मुरारी लाल महर्षि, संतोष परिहार सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में राकेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन पवन यादव ने किया। अंत में राकेश शर्मा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।