मुस्ताक खान ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, बोले- खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ शारीरिक-मानसिक मजबूती भी लाते हैं



चूरू। शहर के मनोरंजन क्लब में बैडमिंटन खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। शटल स्टार्ट बैडमिंटन अकादमी और जिला बैडमिंटन संघ के संयुक्त आयोजन में हुई प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसीसी सचिव मुस्ताक खान ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं के मानसिक विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन को भी मजबूत करते हैं। खेलों के माध्यम से टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. शमशाद अली ने खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। डॉ. एफ.एच. गोरी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और लगातार प्रयास जरूरी हैं।इस अवसर पर ठाकुरमल शर्मा, गोविंद स्वामी, किशोर राजपाल, चूरू फुटबाल क्लब अध्यक्ष शकील दुर्रानी, डॉ. मंसूर अली और आकाश जांगिड़ सहित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
पहले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने छोड़ी छाप
प्रतियोगिता के शुरुआती मैचों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मुकाबलों के दौरान खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह नजर आया।आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को बैडमिंटन के प्रति प्रोत्साहित करना लक्ष्य है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर भी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है।कार्यक्रम में जयप्रकाश बागोरिया, राजीव चचरिया, मोहित, सुनील, राजकुमार, इदरीस छींपा, तनुश, जयेश, सचिन, मानव, देवराज और फरमान खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ स्वामी ने किया।



















