खड़गे के साथ कथित व्यवहार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का दिया संदेश



चूरू। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार शाम जिला मुख्यालय पर भाजपा और आरएसएस के खिलाफ विरोध मार्च निकाला गया। शहर ब्लॉक कांग्रेस और देहात ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस से शुरू हुआ मार्च वीरगति स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हालिया घटनाक्रम को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।मार्च का नेतृत्व सुजानगढ़ विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज मेघवाल ने किया। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा और आरएसएस की ओर से किए गए कथित अपमानजनक व्यवहार पर नाराजगी जताई। मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है। उनके अनुसार, यह केवल खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल या नेता के साथ असम्मानजनक व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया है।
भाजपा पर अराजकता फैलाने का आरोप
रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने भाजपा पर देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश संविधान और आपसी एकजुटता के आधार पर चलेगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ किसी भी तरह की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
विरोध मार्च में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस महामंत्री रामजीलाल शर्मा, पीसीसी सचिव रियाजत खान, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष असलम खोखर, देहात अध्यक्ष किशोर धांधू, पूर्व सभापति गोविन्द महंसरिया, पूर्व प्रधान गिरधारीलाल बांगड़वा, विद्याधर बेनीवाल, हेमन्त सारस्वत, उम्रदीन सैय्यद, आदूराम न्यौल, रामप्रताप कांटीवाल, जयसिंह नायक, मोहम्मद हुसैन निर्वाण और रमजान खान सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।मार्च में निवर्तमान पार्षदों, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं और जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जमील चौहान ने किया।




















