शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर व मोडिफाइड वाहनों पर शिकंजा, 20 वाहन सीज
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, बिना नंबर के वाहनों तथा मोडिफाइड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 वाहनों को सीज किया।यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जो शराब का सेवन कर वाहन चलाकर स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं।कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहनों को सीज किया। यातायात पुलिस के अनुसार शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बन सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को शराब का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।इसके अलावा यातायात पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिलों तथा मोडिफाइड वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 11 मोटरसाइकिलें बिना नंबर की एवं मोडिफाइड पाई गईं। इनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा कुल 12 वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत सीज किया गया।यातायात पुलिस ने बताया कि मोडिफाइड वाहनों, विशेष रूप से तेज आवाज करने वाले साइलेंसर और नियमों के विपरीत किए गए अन्य बदलावों से सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही ऐसे वाहन आमजन के लिए परेशानी का कारण भी बनते हैं। बिना नंबर के वाहन अपराधों की दृष्टि से भी गंभीर विषय हैं, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने कहा कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से बचें तथा वाहन के दस्तावेज पूरे रखें। वाहन में किसी भी प्रकार का ऐसा मोडिफिकेशन नहीं करवाएं जो यातायात नियमों के विपरीत हो।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की पालना कर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। जिला पुलिस के निर्देशानुसार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।इस मौके पर रामदयाल सहायक उप निरीक्षक, सुरेश कुमार कांस्टेबल, रणजीत सिंह कांस्टेबल का सहयोग रहा।
CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament
चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार













