शहीद की धरती पर आस्था का महासंगम: शिव परिवार सहित चार दिव्य विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा, वीर शहीदों को नमन कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़

शहर के वार्ड संख्या 51 स्थित शहीद इंद्र सिंह सैनी कॉलोनी गुरूवार को धर्म, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बनी। यहां शिव परिवार, खाटू श्यामजी, हनुमानजी एवं पितरजी महाराज की भव्य मूर्तियों की वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम संयोजक महेश बसावतिया ने बताया कि विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का अनूठा वातावरण रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर तथा अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभुलाल सैनी ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, महिला मोर्चा प्रदेश संयोजक संतोष अहलावत, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जगदीश प्रसाद सैनी, मुरारीलाल सैनी, पार्षद बुधराम सैनी एवं महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री अरूणा सिहाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान शहीद परिवार की ओर से सभी अतिथियों का साफा, दुपट्टा और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि सैनिक ही देश की सुरक्षा के वास्तविक प्रहरी हैं। जब पूरा देश चैन की नींद सोता है, तब सैनिक विपरीत परिस्थितियों में सीमाओं पर डटे रहकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों की प्रतिमाओं के सामने से गुजरते समय उन्हें नमन करे और नई पीढ़ी को भी राष्ट्रभक्ति एवं शहीदों के सम्मान के संस्कार दे। अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि वे उन माताओं को नमन करते हैं जिन्होंने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।इस अवसर पर अतिथियों ने शहीद वीरांगना का शॉल एवं शहीद प्रतिमा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। साथ ही शहीद पुत्र राकेश सैनी का भी भावपूर्ण सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शहीद परिवार के सदस्यों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं की सहभागिता रही। इस अवसर पर सत्यनारायण हलकारा, सुमेर सिंह कड़वासरा, अजय सैनी, बजरंगलाल सैनी, सीताराम सैनी, विनोद सैनी, मनीराम हलकारा सहित शहीद परिवार के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का समापन धर्म, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।