शिक्षा की अलख जगाने वाले महात्मा फुले को मिले भारत रत्न , हस्ताक्षर अभियान चलाएगा मंच
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के मोती सिंह की ढाणी स्थित गुरूकृपा शिक्षण संस्था में फुले विकास मंच के तत्वावधान में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में महात्मा फुले के शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ग्रामीण मंडल के पूर्व अध्यक्ष इंद्रराज सिंह सैनी कायस्थपुरा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए शिक्षा के द्वार खोलने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देकर सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी। आज देश में महिला सशक्तीकरण और महिला आरक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों के पीछे भी महात्मा फुले के शिक्षा संबंधी विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ऐसे महान समाज सुधारक भारत रत्न के हकदार हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीताराम सैनी ने की। फुले विकास मंच के अध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले को भारत रत्न दिलाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार तक आवाज पहुंचाई जाएगी। इसके लिए मंच की ओर से व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस मांग को जनसमर्थन मिल सके।
विशिष्ट अतिथि गुरूकृपा शिक्षण संस्था के निदेशक राजेश सैनी ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के विस्तार और सामाजिक चेतना के निर्माण में महात्मा फुले का योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचारों और प्रयासों ने देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा दिखाई।
कार्यक्रम में विद्याधर सिंह, नीरज चौधरी, नितेश जिंदल, इमरान अंसारी और पवन सैनी सहित अन्य लोगों ने भी महात्मा फुले के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सैनी ने किया।
















