जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस का कब्जा , 28 पदों में कांग्रेस के 22, भाजपा के 5 और एक निर्दलीय ने बनाई जगह
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव 2026 के परिणामों ने जिले की ग्रामीण राजनीति में सत्ता का नया समीकरण सामने रखा है। जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक हुए चुनावों में कांग्रेस ने प्रमुख पदों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिला परिषद की 41 सीटों में 29 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कब्जा जमाया। इसके बाद 14 पंचायत समितियों में प्रधान के 12 और उप प्रधान के 10 पद हासिल कर ग्रामीण सत्ता के गठन में अपनी स्थिति स्पष्ट की।
जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की 22 वर्षीय कोमल भंवरिया ने 28 मत प्राप्त कर भाजपा की हर्षिनी कुल्हरी को पराजित किया। उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस के आशुतोष मीणा ने भी 28 मत हासिल कर जीत दर्ज की। दोनों चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को 12-12 मत मिले और एक-एक मत निरस्त हुआ। पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में कांग्रेस ने 14 में से 12 पद हासिल किए, जबकि भाजपा खेतड़ी और बबाई में ही प्रधान बनाने में सफल रही।
इसके बाद 28 नवंबर को हुए उप प्रधान चुनाव में भी कांग्रेस ने 10 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। भाजपा को तीन और उदयपुरवाटी में निर्दलीय प्रत्याशी को सफलता मिली। उप प्रधान चुनाव में अलसीसर से लुकमान खान, बुहाना से सत्येंद्र, चिड़ावा से विकास, गोठड़ा से पूनम सिंह, झुंझुनूं से मदनलाल, मंडावा से गिरीश, नवलगढ़ से मंजीत सिंह, पिलानी से वेद प्रकाश बांदड़वा और सिंघाना से भतेरी कांग्रेस से निर्वाचित हुए।
सूरजगढ़ में कांग्रेस के प्रवीण कुमार निर्विरोध चुने गए। भाजपा की ओर से बबाई में प्रभुदयाल, गुढ़ागौड़जी में पूनम और खेतड़ी में सुरेंद्र उप प्रधान बने। उदयपुरवाटी में निर्दलीय सुमन देवी ने जीत दर्ज की। राजनीतिक दृष्टि से देखें तो जिला परिषद में बहुमत, जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव में समान मतों से जीत तथा पंचायत समितियों में 22 पद हासिल करना कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि है।
भाजपा को खेतड़ी और बबाई में प्रधान एवं उप प्रधान दोनों पदों पर सफलता मिली, जबकि गुढ़ागौड़जी में उप प्रधान पद हासिल हुआ। इन परिणामों ने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत राज की राजनीति में केवल सदस्य संख्या ही नहीं, बल्कि स्थानीय समर्थन और चुनाव के समय बनने वाले समीकरण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अब राजनीतिक दलों के सामने इन परिणामों के आधार पर अपने संगठन और ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ को लेकर समीक्षा करने का अवसर है। जिले की ग्रामीण सत्ता में नए जनप्रतिनिधियों की ताजपोशी के साथ अब जनता की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि चुनाव के दौरान किए गए वादे विकास कार्यों, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण सुविधाओं के रूप में कितने पूरे होते हैं।
















