लक्ष्मीपत सिंघानिया एकेडमी बिसाऊ में 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया प्रशिक्षण, तनाव और व्यवहार संबंधी बदलावों की पहचान कर विद्यार्थियों की मदद करने के दिए टिप्स
चूरू। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और सर्वांगीण विकास को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से लक्ष्मीपत सिंघानिया एकेडमी, बिसाऊ में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। ‘प्रोमोटिंग मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस अमंग स्टूडेंट्स’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों के 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य दीपक पुरोहित ने बताया कि कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन सीमा शर्मा एवं रहमतुल्ला खान ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों में तनाव, चिंता और व्यवहार संबंधी बदलावों की पहचान करने तथा उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझने के तरीके बताए।
भावनात्मक जरूरतों को समझना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी
रिसोर्स पर्सन ने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं है, बल्कि उनकी भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक जरूरतों पर ध्यान देना भी जरूरी है। विद्यार्थियों के व्यवहार में होने वाले बदलावों को समय रहते समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाना चाहिए।
कार्यशाला में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक संवाद, आत्मविश्वास बढ़ाने और विद्यालय में सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने के महत्व को समझाया गया। साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यशाला के अंत में प्राचार्य दीपक पुरोहित ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री दीक्षा गोठवाल ने किया।















