झुंझुनू में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक गुरूवार को स्टेशन रोड स्थित खाना खजाना होटल में भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, घर-घर जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा चुनावी तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव संगठन की शक्ति का सबसे बड़ा आधार हैं। उन्होंने मंडल से लेकर जिला स्तर तक सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाकर घर-घर संपर्क स्थापित करना ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने पार्टी के संत श्री रविदास कलश यात्रा तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य अतिथि एवं पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कार्यकर्ताओं से राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल परियोजनाओं, विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तथा विभिन्न लोकहितकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि एवं आहोर विधायक शंकरलाल राजपुरोहित ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा आगामी नगर निकाय चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी। बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं महापुरूषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री योगेन्द्र मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री वीरपाल सिंह शेखावत ने प्रस्तुत किया। बैठक में पूर्व सांसद संतोष अहलावत, खेतड़ी विधायक धर्मपाल सिंह गुर्जर, शुभकरण चौधरी, राजेश दहिया, सुभाष पूनिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशंभर पुनिया, बनवारी लाल सैनी, रणवीर गुढ़ा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा एवं सुभाष शर्मा, जेपी चंदेलिया, वीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। इसके अलावा महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, एससी, एसटी एवं अल्पसंख्यक मोर्चा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों और मंडलों के पदाधिकारियों के साथ जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए चुनाव में ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लिया।














