डंपर-बाइक की जोरदार भिड़ंत में हरीश और पवन गंभीर घायल, खेतड़ी से झुंझुनूं रैफर , भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल
खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर डंपर की टक्कर ने दो युवकों को जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने की स्थिति में पहुंचा दिया। खेतड़ी थाना क्षेत्र के कोलिहान नगर में शनिवार को डंपर और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर करना पड़ा। इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही, यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार खेतड़ी के वार्ड नंबर 5 निवासी हरीश (22) पुत्र महिपाल अपने मामा के लड़के पवन (26) पुत्र महेंद्र कुमार निवासी नारनौल के साथ बाइक पर सवार होकर निजामपुर मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोलिहान नगर के पास उनकी बाइक की डंपर से भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलने पर खेतड़ी से दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के पीएमओ डॉ. अक्षय कुमार शर्मा ने बताया कि हरीश और पवन को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार? सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल
कोलिहान नगर का यह हादसा केवल दो वाहनों की भिड़ंत भर नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के इंतजामों की समीक्षा की जरूरत भी रेखांकित करता है। भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर यातायात नियंत्रण की क्या व्यवस्था है? दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत और सुरक्षा उपाय कितने प्रभावी हैं? क्या संबंधित विभाग नियमित निगरानी कर रहे हैं? आखिर हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?
ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब जिम्मेदार विभागों को देना चाहिए। किसी बड़े हादसे के बाद सक्रिय होने के बजाय समय रहते सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करना जरूरी है। हादसे की सूचना पर खेतड़ी थाने के एएसआई महिपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और डंपर को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
















