आधुनिक भंडारण और कृषि यंत्रों की सुविधा से किसानों को मिलेगा लाभ, सहकारिता को मजबूत बनाने पर दिया गया जोर
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चूरू। जिले के सालासर स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड में बुधवार को किसानों की सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम भवन, नवीन कार्यालय भवन का उद्घाटन तथा कस्टम हायरिंग सेंटर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के अधिकारियों, समिति पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।समारोह में दी चूरू सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मदनलाल शर्मा ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को आधुनिक सुविधाओं से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि नए गोदाम भवन के निर्माण से किसानों को अपनी कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण की बेहतर सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से छोटे एवं सीमांत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र किराये पर उपलब्ध होंगे, जिससे कम लागत में कृषि कार्य करना आसान होगा। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ेगी, लागत में कमी आएगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।मदनलाल शर्मा ने बताया कि यह निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2024-25 की बजट योजना के तहत प्राप्त राशि तथा समिति के स्वयं के संसाधनों से पूरा कराया गया है।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने समिति द्वारा विकसित आधारभूत सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि गोदाम भवन और कस्टम हायरिंग सेंटर क्षेत्र के किसानों के लिए उपयोगी साबित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने सहकारिता आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने का भी आह्वान किया।इस अवसर पर धर्मवीर पुजारी, मांगीलाल पुजारी, कृषि मंडी के पूर्व अध्यक्ष सुरजाराम ढाका, यशोदानंदन पुजारी, मनोज पुजारी, पूर्व समिति अध्यक्ष रामचंद्र ढाका सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, समिति पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष हरीशचंद्र पारीक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन रामकुमार चायल एवं गिरधारी लाल ने किया।











