1200 किमी पीछा, 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले… पंजाब बॉर्डर से बरामद हुआ सूरजगढ़ से चोरी गया डम्पर

एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में सूरजगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, तकनीकी जांच और टीमवर्क से मिली कामयाबी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सूरजगढ़ । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले की सूरजगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के दम पर चोरी हुए डम्पर को पंजाब बॉर्डर से बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने करीब 1200 किलोमीटर तक पीछा किया और लगभग 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद चोरी गए डम्पर को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को भिर्र निवासी शैलेन्द्र मान पुत्र रामस्वरूप (38) ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका डम्पर आरजे-18 जीडी-1488 31 जुलाई की रात सूरजगढ़ रोड स्थित ब्लॉक फैक्ट्री के बाहर खड़ा था। देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर डम्पर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। लगातार 1200 किलोमीटर तक संदिग्धों का पीछा करते हुए पुलिस ने पंजाब बॉर्डर से चोरी हुआ डम्पर बरामद कर लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, चोरी में शामिल अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामसिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुभाषचन्द्र, हेड कांस्टेबल संजय, कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह, पिलानी थाना के कांस्टेबल महेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल श्रीराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से महेश कुमार, धर्मेन्द्र सिंह और महेन्द्र सिंह के योगदान को पुलिस विभाग ने सराहा है। सूरजगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि आधुनिक तकनीक, सतर्क निगरानी और मजबूत टीमवर्क के बल पर अपराधियों तक पहुंचना और चोरी गई संपत्ति को बरामद करना संभव है। यह सफलता झुंझुनूं पुलिस की प्रभावी कार्यशैली और अपराध नियंत्रण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का उदाहरण मानी जा रही है।