आमरण अनशन के तीसरे दिन पुलकित और सुरेंद्र ने छोड़ा जल, छात्रसंघ चुनाव सहित 10 सूत्री मांगों पर अड़े

48 घंटे पूरे होने के बाद जल त्यागने का ऐलान, स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। राजकीय लोहिया महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर पूर्व छात्रसंघ महासचिव पुलकित चौधरी के नेतृत्व में एनएसयूआई का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशन के 48 घंटे पूरे होने पर पुलकित चौधरी और सुरेंद्र बरोड़ ने आंदोलन को और तेज करते हुए जल का भी त्याग करने की घोषणा कर दी।पुलकित चौधरी ने कहा कि तीन दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर बैठे होने के बावजूद सरकार ने अब तक उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वे अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक संघर्ष जारी रखेंगे। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इन्हें शीघ्र कराया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं से चर्चा के बाद आंदोलन को विस्तारित करते हुए अब कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को भी इसमें शामिल किया गया है। इसके साथ ही 10 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने राजस्थानी भाषा को संविधान की मान्यता प्राप्त भाषाओं में शामिल करने तथा राजस्थानी भाषा के लिए नियमित कार्यालय स्थापित करने की मांग भी दोहराई।सुरेंद्र बरोड़ ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।आंदोलन के दौरान अनिल बुडानिया, राकेश कस्वां झारिया, अजय गाजसर, अजय चौधरी, हिमांशु शर्मा, राकेश बॉयल, राकेश कस्वां सिरसली, कमलेश सिहाग, दीपक सैनी, साहिल डीके, सूफियान डीके, अमित मेहरा, सूफियान झारिया, राहुल डगला, सुधीर ढूकिया, हरीश पूनियां, अरबाज डीके सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।