ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी, हनुमानगढ़ जंक्शन की प्रतिभाशाली छात्रा कु. प्राची, पुत्री श्री शोपत सिंह, ने गुजरात के वडोदरा स्थित गुजरात पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर जूडो चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 आयु वर्ग के -70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर विद्यालय एवं हनुमानगढ़ जिले का नाम गौरवान्वित किया है।कक्षा 10वीं ‘ए’ की छात्रा प्राची ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट तकनीक, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए अपने सभी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधन समिति एवं समस्त शिक्षकगण ने प्राची की इस उल्लेखनीय सफलता पर उन्हें एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्राची भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले तथा देश का नाम रोशन करेंगी।प्राची की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।














