आरसेटी के जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शिविर का समापन

35 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद 35 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समारोहपूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह की अध्यक्षता संस्था के निदेशक बिधु शंकर ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास प्रशिक्षण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रशिक्षण शिविर में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। मुख्य प्रशिक्षक मनप्रीत सोनी ने प्रतिभागियों को 35 दिनों तक ब्यूटी प्रैक्टिशनर से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान सौंदर्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न आधुनिक तरीकों, ग्राहकों के व्यवहार, स्वच्छता तथा स्वरोजगार के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल की भी जानकारी दी गई।शिविर के समापन पर डोमेन असेसर भंवरलाल स्वामी एवं अनिता शर्मा ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन में सफल रहे सभी प्रशिक्षार्थियों को संस्था के निदेशक बिधु शंकर, अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम तथा रितिक अरोड़ा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।संस्था के निदेशक बिधु शंकर ने प्रतिभागियों को भविष्य में प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा प्रशिक्षण को उनके जीवन में नई शुरुआत का महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस मौके पर सूरज कुमार व विकास कुमार मौजूद थे।