जलभराव के बीच निकली अंतिम यात्रा, हिण्डौन की तस्वीर ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

मंडावरा रोड पर घुटनों तक भरे पानी से गुजरने को मजबूर हुए परिजन, बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल; स्थायी समाधान की उठी मांग

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हिण्डौन सिटी।करौली।शीला मीणा
मंडावरा रोड पर बारिश के बाद हुए भारी जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को गहरे पानी के बीच से शव यात्रा निकालने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह दृश्य स्थानीय प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था और सड़क प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।जानकारी के अनुसार, हिण्डौन निवासी जगमोहन कंबलबाल की पत्नी लक्ष्मी देवी की अंतिम यात्रा उनके घर से मंडावरा रोड होते हुए निकली। सड़क पर भरे गहरे पानी के कारण परिजनों और शामिल लोगों को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ा। इस दौरान मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।क्षेत्रवासियों का कहना है कि हर बारिश के बाद मंडावरा रोड पर जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। सड़क पर पानी जमा होने से न केवल पैदल राहगीरों, बल्कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित नहीं किए जाने के कारण हर वर्ष ऐसी स्थिति बनती है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि मंडावरा रोड पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।