जिलेभर में बढ़ाया जाएगा ट्रैफिक जाप्ता, फिक्स ड्यूटी पॉइंट बनाए जाएंगे; ऑटो-बस संचालन और पार्किंग व्यवस्था होगी व्यवस्थित
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चूरू। अमित कुमार
जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित ट्रेफिक थाने में पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तृत मंथन किया।बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि जिले की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए चरणबद्ध तरीके से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत ट्रैफिक पुलिस का जाप्ता बढ़ाया जाएगा तथा प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के फिक्स ड्यूटी पॉइंट निर्धारित किए जाएंगे, ताकि यातायात का संचालन बेहतर ढंग से हो सके।उन्होंने बताया कि शहर में ऑटो रिक्शा की नंबरिंग, बसों एवं टेंपो के लिए पार्किंग स्थलों का निर्धारण, वाहनों के रूट तय करने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इन उपायों के माध्यम से शहर में जाम की समस्या कम करने और यातायात को अधिक व्यवस्थित बनाने की योजना तैयार की जा रही है।एसपी ने कहा कि केवल पुलिस के प्रयासों से ही यातायात व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। इसके लिए आमजन, वाहन चालकों, व्यापारियों और परिवहन संचालकों का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की।उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और आमजन के संयुक्त प्रयासों से आने वाले समय में चूरू जिले की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। बैठक में जिले के सभी संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।













