टेलिंग डैम पर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग, सीएलजी बैठक में उठे सुरक्षा और यातायात के अहम मुद्दे

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी नगर पुलिस थाना परिसर में आयोजित सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी राजेंद्र बुरड़क एवं थानाधिकारी राकेश यादव ने की। पुलिस अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में सरपंच प्रतिनिधि हरीराम गुर्जर ने केसीसी के टेलिंग डैम क्षेत्र में घूमने के बहाने आने वाले कुछ युवकों द्वारा हुड़दंग करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने टेलिंग डैम क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने बताया कि केसीसी नर्सरी स्कूल और लाइब्रेरी परिसर में भी कुछ युवक नशा करते देखे जाते हैं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। समाजसेवी बाबूलाल सैनी ने बैठक में शहीद धर्मपाल सैनी की प्रतिमा से गुर्जर धर्मशाला तक सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से दुर्घटना की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा पूरी सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी राजेंद्र बुरड़क ने कहा कि अपराधों की रोकथाम में पुलिस के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।बैठक में उपस्थित नागरिकों ने पुलिस की जनसहभागिता आधारित पहल की सराहना करते हुए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, नशे पर अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर फतेह सिंह बड़ाऊ, प्रभु सैनी, राजेश कुमार, आलोक जेदिया, अरविंद कुमार, सुभाष चनानिया, श्याम सिंह चौहान, सुधीर कुमार, अशोक कुमार तातीजा, मुकेश कुमार तातीजा, दाताराम गुर्जर, महेश कुमार मनोता, किशोरीलाल सिराधना, दिनेश कुमार सैनी, नरेश कुमार, केदारमल खींची, बजरंग सिंह, रामसिंह गुर्जर, होशियार सिंह, विनोद कुमार शर्मा, सुभाष चंद्र, नासिक हुसैन, घीसाराम मीणा, दयाराम सरपंच, एन.के. कौशिक, श्याम सुंदर शर्मा, कुलदीप, उत्तम प्रकाश, हरीश कुमार, विकास सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच 

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News